👇Primary Ka Master Latest Updates👇

सरकार बनी तो छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देगी कांग्रेस, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने ट्वीट करके दी जानकारी

लखनऊ : विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का आधी आबादी को साधने का अभियान जारी है। चुनाव में महिलाओं को 40 फीसद टिकट देने के एलान के बाद कांग्रेस ने प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रओं को स्मार्टफोन और स्नातक छात्रओं को इलेक्ट्रानिक स्कूटी देने की घोषणा की है। कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को ट्वीट करके यह जानकारी दी है।
ट्वीट के जरिये उन्होंने बताया कि बुधवार को वह कुछ छात्रओं से मिली थीं। छात्रओं ने उन्हें बताया कि पढ़ाई और सुरक्षा के लिए हमें स्मार्टफोन की जरूरत है। यह भी बताया कि इसके बाद कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति की सहमति से गुरुवार को उप्र कांग्रेस ने यह निर्णय लिया। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास ने कहा कि प्रियंका ने दूसरी प्रतिज्ञा के तौर पर यह घोषणा की है। गौरतलब है कि प्रियंका ने उप्र विधान सभा के चुनाव में कांग्रेस की ओर से महिलाओं को 40 फीसद टिकट देने को अपनी पहली प्रतिज्ञा बताया था।

कांग्रेस के इस नए दांव को महिलाओं के युवा वर्ग को आकर्षित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव (संगठन) अनिल यादव ने पार्टी की इस घोषणा को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करने की कार्यकर्ताओं से अपील भी की है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पहली जनवरी 2021 को प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 14.585 करोड़ थी जिसमें 6.7 करोड़ महिलाएं थीं।

वीडियो टैग किया : अपने ट्वीट के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक वीडियो टैग किया है। इसमें बुधवार को आगरा जाने के दौरान पुलिस की ओर से रोके जाने के दौरान प्रियंका के साथ सेल्फी लेने वाली कुछ छात्रओं की मीडिया कर्मी से बातचीत दिखाई गई है। उनमें से एक छात्र ने बताया कि प्रियंका ने उनसे पूछा कि सेल्फी लेने के लिए आपके पास फोन है? इस पर उन्होंने कहा कि हमारे पास फोन नहीं है और कालेज में उसे ले जाने की अनुमति भी नहीं है। इस पर प्रियंका ने कहा कि छात्रओं के पास फोन होना चाहिए। यह सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

पहले भी किए जा चुके हैं चुनावी एलान

समाजवादी पार्टी ने 2012 के विधानसभा चुनाव में हाईस्कूल पास विद्यार्थियों को टैबलेट और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लैपटाप देने का ऐलान किया था। सरकार बनने पर सपा ने लैपटाप बांटे थे। वहीं भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव के मौके पर अपने संकल्प पत्र में कालेज के विद्यार्थियों को मुफ्त इंटरनेट डाटा के साथ लैपटाप देने का वादा किया था। योगी सरकार ने छात्रों को लैपटाप तो नहीं दिया, लेकिन हाल ही उन्हें स्मार्टफोन और टैबलेट देने का फैसला किया गया है। इसके लिए बजट में 3000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Politics news of India | Current politics news | Politics news from India | Trending politics news,